जौनपुर। जिले के चार राजस्व गांवों में लक्ष्य के सापेक्ष शौचालय नहीं बनने के बाद भी उनको ओडीएफ घोषित कर दिया गया। इसका खुलासा क्वालिटी काउंसिल आफ इंडिया (क्यूसीआई ) की जांच में हुआ है। इन गांवों में लक्ष्य की अपेक्षा 30 से 50 फीसदी तक ही शौचालय बने हैं।
क्यूसीआई की रिपोर्ट की जानकारी होने के बाद जिला प्रशासन इन गावों में शौचालय बनवाने में जुट गया है। जिले में 3215 राजस्व गांव हैं, जहांचार लाख 14 हजार 539 शौचालय बनवाने का लक्ष्य था। इन शौचालयों को बनवाकर जिले को दो अक्तूबर को ओडीएफ घोषित करना था लेकिन निर्धारित तिथि तक 13 हजार शौचालय बन ही नहीं पाए। जिले को ओडीएफ घोषित नहीं किया जा सका। इसके लिए सरकार द्वारा शौचालय बनाने का लक्ष्य पूरा करने के लिए एक माह का समय भी दिया गया है। इसी बीच जिला पंचायत राज कार्यालय ने 1764 राजस्व गावों को ओडीएफ घोषित कर दिया, जिसकी जांच करने के लिए केंद्र सरकार ने क्यूसीआई टीम भेजी थी। टीम ने 44 राजस्व गावों की जांच की। इसमें चार राजस्व गांव ऐसे मिले जहां शौचालय निर्माण का लक्ष्य तक नहीं पूरा हुआ था। सिकरारा ब्लाक के सुंगुलपुर में 71 में 13 शौचालय और सिकंदरा में 112 में 54 शौचालय ही बने थे।इसी प्रकार सिरकोनी ब्लाक के कुद्दुप़ुर में 190 में 17 शौचालय और बदलापुर कुशहां द्वितीय में 185 में महज 60 शौचालय ही बने थे।
क्यूसीआई टीम द्वारा ओडिएफ गांव के जांच में चार राजस्व गांवों में लक्ष्य के सापेक्ष शौचालय बना नहीं पाया गया है। जिसकी जानकारी होने के बाद उन राजस्व गांवों में लक्ष्य के सापेक्ष शौचालय बनवाने का काम किया जा रहा है।
गौरव वर्मा
मुख्य विकास अधिकारी