सिकरारा। क्षेत्र के सादात बिंदुली गांव में बीते पखवारे डेंगू से पीड़ित की मौत के बाद अब ब्लॉक की स्वास्थ्य टीम ने गांव पहुंच कर 20 लोगों के रक्त के नमूने लिए। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. श्याम धर वर्मा ने अपने सहयोगियों के साथ गांव में बुखार से पीड़ित लोगों के अलावा कुछ अन्य लोगों के भी रक्त के नमूने लेकर जांच के लिए लैब में भेंज दिए। डा. वर्मा ने बताया कि गांव में जिन 4 लोगों को अब भी बुखार आ रहा है उनके रक्त की जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। ग्रामीणों को आस पास साफ़ सफाई पर ध्यान देने तथा जल जमाव को समाप्त करने का निर्देश दिया। बताया कि सबेरे एएनएम के माध्यम से कीट नाशक दवाओं का छिड़काव करवाया गया। डा. जितेंद्र सिंह, लैब टेक्नीशियन सूर्य पति नाथ तथा वार्ड ब्वाय अरविन्द उपाध्याय साथ में मौजूद रहे।