सिंगरामऊ । थाना क्षेत्र के करनपुर गांव की मौर्या बस्ती में पथरगड़ी करने गए राजस्व कर्मी के ऊपर ईंट पत्थर फेंके गए। पथराव में राजस्व निरीक्षक समेत पांच लोग चोटिल हो गए। पुलिस ने सोमवार को मेडिकल कराकर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
करनपुर गांव की मौर्या बस्ती में अच्छेलाल मौर्य और संतोष मौर्य के बीच काफी समय से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। अच्छे लाल के प्रार्थना पत्र पर राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी लेखपाल अजय कुमार पांडेय, धर्मचंद मौर्य, लालचंद गौतम, जयप्रकाश उपाध्याय, सुशील श्रीवास्तव आदि को साथ लेकर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जहां कहासुनी के बाद मारपीट एवं पथराव शुरू हो गया। जिसमें राजस्व निरीक्षक अनिल, लेखपाल धर्मचन्द, अच्छे लाल मौर्य, उनकी पत्नी बिंदु मौर्य, पुत्र कृष्ण मुरारी को चोटें आईं। लेखपाल धर्मचंद मौर्य की तहरीर पर पुलिस संतोष मौर्या उनकी पत्नी रीता मौर्या, पुत्र रोहित, बहन राम दुलारी के विरुद्ध गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
शाहगंज। क्षेत्र के गौसपुर गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट की घटना में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए राजकीय पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र के गौसपुर गांव में सोमवार की सुबह जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट की घटना में एक पक्ष से चंद्रेश (26) पुत्र राम अवध व उसकी पत्नी रीता (24) वहीं दूसरे पक्ष से परमिला (40) पत्नी चंद्रिका प्रसाद घायल हो गए।