सिकरारा। गोविंद बल्लभ पन्त पीजी कालेज प्रतापगंज पर शनिवार को देश के वीर सैनिकों की शहादत का बदला लेने के लिए सीमा पर किए गए सर्जिकल स्ट्राइक को शौर्य दिवस के रूप में मनाया गया । कालेज के एनएसएस व एनसीसी कैडेट्स के छात्र छात्राओं के बीच शहीदों की अमर गाथा को चित्रित करते हुए सारे जहाँ से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा विषय पर निबन्ध लेखन और देश हमारा धरती अपनी से जुड़े सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
कालेज के प्राचार्य प्रमोद कुमार द्वारा तीन उच्चतम अंक पाने वाली टोली में राणा प्रताप को प्रथम, रानी लक्ष्मी बाई को द्वितीय व महादेवी वर्मा टोली को तृतीय पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। इसके बाद बटेश्वर नाथ सभागार में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश के वीर जवानों ने विगत 29 सितम्बर को दुश्मन की सीमा में घुस कर, जिस तरह उसका मान मर्दन किया। वह भारत माता की अस्मिता की रक्षा में अपने प्राणों को उत्सर्ग करने वाले शहीद हुए वीर सपूतों को सच्ची श्रद्धांजलि थी।यह विद्यालय परिवार उनके शौर्य को याद करते हुए उन्हें नमन कर रहा है।कार्यक्रम का संचालन गौतम आनन्द ने किया। इस अवसर पर डा. विजय उपाध्याय ,डा.लक्ष्मी गुप्ता,डा. राजेंद्र उपाध्याय, सुभाष वर्मा , अनन्त प्रकाश दूबे, विनय कुमार तिवारी आदि उपस्थित रहे।