जौनपुर। जिले में डग्गामार वाहन प्रतिमाह लाखों रुपये के राजस्व का चूना लगा रहे है। रोडवेज, परिवहन विभाग एवं पुलिस के अनुमान के मुताबिक इनकी संख्या 700 से अधिक है। इसमें 100 वातानुकूलित बसें है, जो रोडवेज का कारोबार प्रभावित कर रहीं है। ये बसें रोडवेज के आसपास आकर सवारियां भरते हैं। इन पर कार्रवाई के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार पत्र लिखा जा चुका है लेकिन सहायता नहीं मिली।
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद डग्गामार वाहनों के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस, रोडवेज एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने तकरीबन डेढ़ सौ वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। उसी समय विरोध शुरू हो गया। सत्ताधारी दल के नेताओं ने भी समर्थन दिया। इनमें कुछ की अपनी बसें भी हैं। उसके बाद एक से नौ अगस्त तक अभियान चला लेकिन दस वाहनों के खिलाफ ही कार्रवाई हुई।
जेसीज चौराहे पर तो डग्गामार वाहनों का स्टैंड ही बन गया है। ऐसे वाहनों में बसें, जीप, मैजिक आदि शामिल हैं। परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कुछ भाजपा नेताओं के डग्गामार वाहन इलाहाबाद, आजमगढ़, भदोही, मिर्जापुर, बदलापुर, शाहगंज रूटों पर संचालित हो रहे हैं।
इस बीच परिवहन विभाग ने ग्रामीण अंचल में अभियान चलाकर पांच दिन में 33 गाड़ियों को सीज किया। दो गाड़ियां शुक्रवार को डोभी इलाके में सीज हुई। इस दौरान जेसीज चौराहे पर कार्रवाई नहीं की गई।
इन रूट पर फर्राटा भर रहे डग्गामार
- जेसीज चौराहा: आजमगढ़- जौनपुर- इलाहाबाद
- मछलीशहर पड़ाव: सिकरारा, बरईपार, मछलीशहर, मुंगराबादशाहपुर
- जेसीज चौराहा: भदोही, मिर्जापुर, विन्ध्याचल
- जेसीज चौराहा: खेतासराय, शाहगंज
- सिपाह चौराहा: आजमगढ़, धर्मापुर, मुफ्तीगंज, केराकत, डोभी, औड़िहार, गाजीपुर
- मल्हनी पड़ाव: मल्हनी, खुटहन, पट्टी नरेंद्रपुर
- बदलापुर पड़ाव: तेजीबाजार, बदलापुर, महजराजगंज, प्रतापगढ़ पट्टी, लेढ़ुका, घनश्यामपुर
- डीएम आवास पानी टंकी: सिरकोनी, जलालपुर, त्रिलोचन महादेव
डग्गामार वाहनों की संख्या ग्रामीण अंचलों में ज्यादा बढ़ गई हैं। अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। शीघ्र ही अन्य स्थानों पर कार्रवाई की जाएगी।
- उदयवीर सिंह, एआरटीओ प्रर्वतन एवं प्रशासन
रोडवेज से प्राइवेट वाहनों को सवारियां उठाने से रोकने के लिए कर्मचारी तैनात हैं। विभिन्न रूटों पर 100 बसें जेसीज एवं अन्य स्थानों से चलाई जा रही हैं।
- केसरी नंदन चौधरी, एआरएम रोडवेज