बदलापुर बदलापुर / घनश्यामपुर। भाजपा विधायक विधायक रमेश चंद्र मिश्र की अध्यक्षता में निरीक्षण भवन में आयोजित बैठक में सल्तनत बहादुर इंटर कालेज बदलापुर में दो और तीन नवंबर को आयोजित होने वाले बदलापुर महोत्सव को सफल बनाने के लिए रणनीति तय की गई। क्षेत्र के संभ्रान्त नागरिकों , व्यापारियों , शिक्षकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने बुधवार को देर सायं बैठक कर कार्यक्रम को सफल बनाने पर चर्चा की। विधायक रमेशचंद्र मिश्र ने बताया कि बदलापुर महोत्सव के मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। इसी दिन मुख्यमंत्री बदलापुर में फायर ब्रिगेड, आईटीआई कालेज तथा राजकीय बस डिपो जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। महोत्सव में उत्कृष्ट शिक्षाविद्, नवोदय में चयनित छात्र, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सहित साहित्य ,संगीत तथा कला के क्षेत्र में अप्रतिम योगदान देने वाली शख्सियत को मुख्यमंत्री द्वारा अभिनंदित किया जाएगा। केन्द्र तथा प्रदेश सरकार की क्रियान्वित योजना से जुड़ी जानकारी दी। सल्तनत बहादुर पीजी कालेज के प्रबंधक विनोद कुमार सिंह, ओमप्रकाश सिंह, शिक्षक केशव सिंह, व्यापारी नेता धनंजय सेठ, अनिल सिंह शक्ति, जय कुमार सिंह आदि ने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग का आश्वासन दिया। महोत्सव में स्थानीय कलाकारों के अलावा गैर प्रांतों से आए कलाकार अपनी कला का जलवा बिखेरेंगे। बैठक में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्र, एसडीएम रमापति राम बिंद, खंड विकास अधिकारी रमाशंकर सिंह, पूर्ति निरीक्षक सुधांशु त्रिपाठी, चिकित्सा अधीक्षक डा. संजय दुबे, खंड शिक्षा अधिकारी महराजगंज बसंत शुक्ल, हर्षित शुक्ला, हरीलाल मोदनवाल, गंगा प्रसाद सिंह, संजीव शर्मा, विनोद शर्मा आदि मौजूद थे।