जौनपुर। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी व मुख्य विकास अधिकारी गौरव वर्मा ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों व खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर ग्राम पंचायतों में विकास कार्ययोजना तैयार कराने का निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दो अक्टूबर से 31 दिसंबर 2018 तक सभी ग्राम पंचायतों की खुली बैठक की कार्यवाही हर हाल में पूरी करा लेनी है। इसके लिए खंड विकास अधिकारी अपने अपने विकास खंड की ग्राम पंचायतों में खुली बैठक के लिए रोस्टर तैयार कर लें। ब्लाक और जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में ग्राम पंचायत की खुली बैठक होगी जहां विकास के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायतों द्वारा तैयार की जाने वाली वार्षिक कार्ययोजना जिसे उत्तर प्रदेश में ग्राम पंचायत विकास योजना हमारी पंचायत हमारी योजना नाम दिया गया है। यह एक समग्र विकास योजना है। जिसे जन भागीदारी से तैयार किया जाना है। विभिन्न विभागों के माध्यम से ग्राम पंचायत में कराए जाने वाले सभी कार्यों का उल्लेख कार्ययोजना में होना चाहिए। इससे समाज का सभी वर्ग लाभान्वित होगा और कार्यों में पारदर्शिता आएगी।