जौनपुर। अब ग्रामीण अंचलों में अनाज वितरण में घपला नहीं हो पाएगा। राशन कार्डधारकों को यूनिट के हिसाब से निर्धारित दर के अनुसार अनाज मिलेगा। इसके लिए ग्रामीण अंचलों के राशन की दुकानों पर ई-पास मशीन लगाई जाएगी। कोटेदारों को 25 सितंबर से मशीनों का वितरण तहसीलों से किया जाएगा।
जिले में सात लाख 75 हजार 255 पात्र गृहस्थी और अंत्योदय राशन कार्डधारक हैं। इसमें 44 हजार 282 राशन कार्डधारक शहर क्षेत्र के हैं। जबकि सात लाख 30 हजार 973 राशन कार्डधारक ग्रामीण क्षेत्र के हैं। इन राशन कार्डधारकों को अनाज वितरित करने के लिए कुल 2126 कोटे की दुकान है। इसमें शहर क्षेत्र में 98 कोटे की दुकान और ग्रामीण क्षेत्र में 2028 कोटे की दुकान है। राशन कार्डधारकों को यूनिट के हिसाब से निर्धारित दर के अनुसार अनाज मिल सके और किसी प्रकार की अनियमितता न हो। इसके लिए सरकार द्वारा कोटे की दुकानों पर ई-पास मशीन से अनाज वितरण करने का निर्देश दिया है। इस व्यवस्था को पहले शहर क्षेत्र में लागू किया गया। इसके तहत जिले के शहर क्षेत्र के सभी सरकारी राशन की दुकानों पर ई-पास मशीन से वितरण करने का कार्य किया जा रहा है। इसके सफल होने के बाद अब ग्रामीण अंचलों के सभी सरकारी राशन की दुकानों पर ई-पास मशीन लगाने का आदेश दिया गया है। इसके क्रम में, जिले के सभी 21 ब्लाकों के सरकारी राशन की दुकानों पर ई-पास मशीन लगाने का कार्य किया जाएगा। मशीन का वितरण 25 सितंबर से तहसीलों पर मौजूद सप्लाई कार्यालय से कोटेदारों को की जाएगी। इसके लिए मशीनें को तहसीलों पर पहुंच चुकी हैं।
कोट
ग्रामीण क्षेत्र के सभी सरकारी राशन की दुकानों पर ई-पास मशीन से कार्डधारकों को राशन वितरण किया जाएगा। कोटेदारों को इस मशीन का वितरण 25 सितंबर से उनके संबंधित तहसील के सप्लाई कार्यालय से किया जाएगा। ई-पास मशीनों को कार्यालय में भेज दिया गया है। - अजय प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी