जौनपुर। पांच सूत्रीय मांगों को लेकर ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन इकाई उत्तर प्रदेश के आह्वान पर कोटेदारों का तहसीलों पर चल रहा धरना-प्रदर्शन सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। इस दौरान कोटेदारों ने अनाज की निकासी भी नहीं ली। साथ ही मांगों को पूरा करने की आवाज बुलंद की। एसडीएम को पांच सूत्रीय पत्रक सौंपा। सदर तहसील क्षेत्र के सभी कोटेदारों का तहसील परिसर में चल रहा धरना सोमवार को भी जारी रहा। इस दौरान अन्य राज्यों की भांति 25 हजार प्रतिमाह मानदेय देने, 200 प्रति कुंतल कमीशन देने, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के अंतर्गत डोर स्टेप डिलीवरी को लागू करने, हैंडलिंग व्यय (लदवाई/उतरवाई) का भुगतान और गोदाम भाड़ा देने एवं बिजली का बिल आदि विभागीय स्तर से करने आदि की मांग पूरा करने की आवाज उठाई। साथ ही मांग पूरा होने तक धरना जारी रहने की चेतावनी दी। एसडीएम सदर को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस मौके पर दयाशंकर निगम, हरिशंकर निगम, सजल सिंह, राजेंद्र कुमार, अशोक कुमार, दुर्गावती देवी, शमशेर बहादुर, नागेंद्र प्रताप सिंह, राजनाथ निषाद, पुष्पा देवी, संजय शुक्ला आदि कोटेदार उपस्थित रहे। मडियाहूं : स्थानीय तहसील क्षेत्र के कोटेदारों ने भी मांगों को लेकर मड़ियाहूं तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। दोपहर नगर के डाक बंगले से कोटेदार संघ के अध्यक्ष महेंद्र यादव के नेतृत्व में दर्जनों कोटेदारों ने पूरे नगर भ्रमण कर जमकर नारेबाजी की। मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन एसडीएम को दिया। धरना देने वालों में महेंद्र यादव, रिंकू तिवारी, राकेश चौहान, रामचंद्र पटेल, बलराम तिवारी, चंद्रभान, अत्ताउल्लाह आदि रहे। मछलीशहर : क्षेत्र के कोटेदारों ने मांगों को लेकर चौथे दिन भी विपणन गोदाम पर धरना प्रदर्शन कोटेदार संघ के जिला संरक्षक गिरिजा शंकर यादव के नेतृत्व में किया। इस दौरान राशन का उठान और वितरण का कार्य पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है। वहीं, सरकार से घटतौली, राशन को दुकानों तक पहुंचाने से लेकर मानदेय सहित तमाम मांगों को पूरा करने की मांग करते हुए सरकार विरोधी नारे लगाए। इस दौरान कोषाध्यक्ष अंजनी कुमार मौर्य, प्रवीण कुमार, वंश बहादुर सिंह, अशोक कुमार, राहुल देव यादव, राजाराम, अच्छेलाल, रमेशचंद्र, बृजलाल सहित मौजूद रहे। केराकत : क्षेत्र के कोटेदारों ने जिलाध्यक्ष हरसू सिंह के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए मांग पूरी करने की आवाज बुलंद की। साथ ही एसडीएम को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर तहसील प्रभारी वीरेंद्र कुमार दुबे, जिला सचिव राय बहादुर चौहान, राज किशोर सिंह, रमेश कुमार तिवारी, राणा प्रताप सिंह, सुभाष यादव आदि उपस्थित रहे हैं। शाहगंज : क्षेत्र के कोटेदारों ने तहसील अध्यक्ष लुकमान अहमद के नेतृत्व में अन्य राज्यों की भांति सरकारी कर्मचारी का दर्जा सहित विभिन्न मांगों को लेकर तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम राजेश कुमार वर्मा को सौंपा। प्रदर्शन करने में जयराम दुबे, पंचम राम प्रजापति, शत्रुघ्न यादव, वंशराज यादव, लालचंद यादव, महेंद्र कुमार, अजीत सिंह, अनिल कुमार, प्रवीण कुमार, रमेश चंद्र, राम तीरथ, राजनाथ आदि कोटेदार मौजूद रहे।