केराकत। गणेश प्रतिमा के विसर्जन पर विसर्जन के लिये गए समिति के सदस्यों ने केराकत कोतवाल पर गणेश प्रतिमा के अपमान औऱ श्रद्धालुओं के साथ गाली गलौज कर बर्बरतापूर्ण तरीके से मारपीट का आरोप लगाया है। समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री औऱ पुलिस महानिदेशक से जांच कर आवश्यक कार्यवाही की मांग की है। बुधवार को गणेश प्रतिमा समिति का एक प्रतिनिधि मंडल केराकत विधायक दिनेश चौधरी से उनके जौनपुर स्थित आवास पर मिलकर कोतवाल की शिकायत किया।
गणपति युवा संघ केराकत के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि मंगलवार की मध्य रात्रि एक बजे जब केराकत नगर की सभी समिति के सदस्य गनेश प्रतिमा लेकर प्रशासन द्वारा नियत स्थान नदी किनारे नालापार नावघाट पहुंचे। वहां पर विसर्जन हेतु पर्याप्त पानी न होने पर कोतवाल केराकत से विसर्जन के लिये असमर्थता व्यक्त करते हुए बैठ गए। कोतवाल शशिभूषण राय इस बात से नाराज होकर गालियां देने लगे औऱ लाठियां पुलिस कर्मी पीटने लगे। इससे श्रद्धालु भाग खड़े हुए और कोतवाल केराकत ने फिर प्रतिमा को पुलिस कर्मियों से जबरदस्ती खिंचवाकर गड्ढ़े में फेंकवा दिया। मारपीट के दौरान कई श्रद्धालुओं को चोटें भी आई है। प्रतिमा के प्रति इस अनादर से श्रद्धालु आहत हैं। उधर केराकत कोतवाल शशिभूषण राय का कहना है कि समिति के लोग नदी में विसर्जन करना चाह रहे थे जो कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के विरुद्ध है। इसलिए लोगों को समझा कर विसर्जन करवाया गया है किसी के साथ कोई दुर्व्यवहार, मारपीट नहीं किया गया है। आरोप गलत है।