डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के भूलनडीह गांव में स्थित चर्च में होने वाली प्रार्थना सभा मंगलवार को भी नहीं हो सकी। हिंदू संगठनों के विरोध को देखते हुए प्रशासन ने धारा 144 लागू की गई है। ईसाई मिशनरी और हिंदू संगठनों के बीच तनातनी को देखते हुए मंगलवार को भी भूलनडीह गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
भूलनडीह गांव में पिछले 11 सालो से दुर्गा यादव की देखरेख में प्रत्येक रविवार व मंगलवार को ईसा मशीह की प्रार्थना सभा का आयोजन होता आ रहा है। आरोप है कि प्रार्थना सभा की आड़ में ही धर्म परिवर्तन कराया जाता है। जिसका हिंदू संगठनों ने विरोध शुरू किया है। एक अधिवक्ता के प्रार्थना पत्र पर न्यायालय के आदेश पर दुर्गा यादव सहित 271 के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ है। रविवार को पुलिस प्रार्थना सभा नहीं होने दी जिसका कुछ महिलाओं ने विरोध भी किया था। प्रशासन ने मंगलवार को उक्त स्थान के चारो तरफ से नाके बंदी कर चप्पे चप्पे पर फोर्स तैनात कर दी थी। पीएसी की टुकड़ी के साथ सर्किल के सभी थानों की पुलिस , अग्नि शमन दस्ता मौके पर तैनात था । जिससे प्रार्थना सभा नहीं हो सकी।