सिंगरामऊ। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर इस समय लापरवाही चरम पर है। यहां फार्मासिस्ट और वार्ड ब्वाय का पद खाली चल रहा है। अस्पताल का पूरा काम स्वीपर के हवाले रहता है। स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों की मनमानी के चलते दवा वितरण, पर्ची बनाने, इंजेक्शन लगाने, ड्रेसिंग करने का काम आशा कार्यकर्ता, स्वीपर, चौकीदार से लिया जा रहा है।
बता दें कि इस अस्पताल के फार्मासिस्ट का पद तीन महीने रिक्त है। वार्ड ब्वाय का पद दस साल से खाली चल रहा है। मरीज तो परेशान होते ही हैं डॉक्टर भी परेशान है। अस्पताल पर कार्यरत फार्मासिस्ट ओमप्रकाश तिवारी का ट्रांसफर 23 जून को गैर जनपद के लिए हो गया था। वह मेडिकल लीव पर थे। उस समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर के तत्कालीन अधीक्षक एससी वर्मा ने कहा था कि आस पास के किसी अस्पताल से फार्मासिस्ट की नियुक्त कर दी जाएगी। फार्मासिस्ट ने 12 अगस्त को प्रतापगढ़ में कार्यभार संभाल लिया। आज तक किसी की नियुक्ति नहीं हुई। जौनपुर, सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीमा पर होने के कारण मरीजों की संख्या काफी रहती है। दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। यहां दो चिकित्सक नियुक्त हैं। इस संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा ने बताया किसी तरह काम चलाया जा रहा है। मैंने लिखित रूप से विभाग को दिया है।