जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा घोषणा की गई 13 परियोजनाओं को परवान चढ़ाने के लिए जिले में तैयारी शुरु कर दी गई है।इस दौरान जिले में तीन अग्निशमन केंद्र, तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व तीन राजकीय नलकूप सहित केराकत में राजकीय इंटर कालेज, बदलापुर में आईटीआई और जफराबाद विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन स्थल का विकास किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी एसडीएम को पत्र भेजकर जमीन का चयन करने का निर्देश दे दिया गया है। भूमि का चयन होने के बाद जिले से स्टीमेट तैयार कर प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। शासन से स्वीकृत होने के बाद इन परियोजनाओं के स्थापना का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आठ व 14 अगस्त को जिले को 13 परियोजनाओं की सौगात दी है। जिसमें मड़ियाहूं, केराकत व बदलापुर विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक अग्निशमन केंद्र की स्थापना और सदर, मड़ियाहूं व जफराबाद विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना तथा मड़ियाहूं, जफराबाद व केराकत विधानसभा में एक -एक राजकीय नलकूप की स्थापना की जाएगी। इसके अलावां केराकत विधानसभा क्षेत्र में एक राजकीय इंटर कालेज तो बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में आईटीआई की स्थापना करने की घोषणा की गई है। वहीं सदर विधानसभा क्षेत्र में वेलनेस सेंटर की स्थापना होगी। इन परियोजनाओं की स्थापना चालू वित्तीय वर्ष में किया जाना है। इसके लिए प्रशासन भी तैयारी शुरु कर दी है। उसके द्वारा सबसे पहले एसडीएम को पत्र भेजकर भूमि का चयन करने का निर्देश दिया गया है। भूमि का चयन होने के बाद परियोजना में आने वाली संभावित लागत का स्टीमेट व प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। इसके बाद धनराशि स्वीकृत होते ही इन परियोजनाओं की स्थापना करने का कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री द्वारा आठ व 14 अगस्त को जिले में 13 परियोजनाओं के स्थापना की घोषणा की गई है। इन सभी परियोजनाओं का निर्माण कराने के लिए एसडीएम को पत्र भेजकर विधायक के साथ मिलकर भूमि का चयन करने का निर्देश दिया गया है। भूमि चयन होने के बाद स्टीमेंट बनाकर प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। इसके बाद प्रस्ताव स्वीकृत होते ही परियोजनाओं का निर्माण कार्य शुरु करा दिया जाएगा।-गौरव वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी