जौनपुर। शिया इंटर कालेज सभागार में डीआईओएस डा. ब्रजेश मिश्र की अध्यक्षता में वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की हुई बैठक में फरवरी में शुरू होने वाली माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा की तैयारी पर चर्चा हुई। प्रधानाचार्य के साथ दो शिफ्ट में बैठक कर समीक्षा की गई। पहले शिफ्ट में एक से दो बजे तक बदलापुर, सदर और मड़ियाहूं तहसील के विद्यालयों की और दो से तीन बजे तक मछलीशहर, केराकत और शाहगंज तहसील क्षेत्र के विद्यालयों की समीक्षा की गई।
डीआईओएस ने कहा कि इस बार बोर्ड परीक्षा 16 दिन में संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा में नकल रोकने के लिए केवल छात्राओं के लिए स्वकेंद्र परीक्षा व्यवस्था लागू होगी। जहां छात्राओं का केंद्र रहेगा, वहां पर उस विद्यालय के शिक्षकों की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। परीक्षा के दौरान विद्यालय के सीसीटीवी कैमरे में वाइस रिकार्डर भी लगाया जाएगा। वाइस रिकार्डर नहीं होने पर परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। सत्र 2018 की परीक्षा का पारिश्रमिक पावना पत्र 20 सितंबर तक उपलब्ध कराने को कहा। डीआईओएस ने कहा कि यदि विद्यालय परिसर में प्रबंधक भवन है तो उसमें परीक्षा की अवधि में ताला बंद रहेगा। परीक्षा के दौरान प्रबंध तंत्र का कोई भी सदस्य विद्यालय के 200 मीटर की परिधि के बाहर ही रहेगा। प्रत्येक प्रधानाचार्य अपने विद्यालय का लोकार्पण शिलापट्टी लगाएंगे ताकि विद्यालय के नाम का पता चल सके। सभी केंद्रों पर पेयजल के साथ शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। राजकीय विद्यालयों से ही प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों से पेपर लीक होने पर परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य और केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। प्रबंध समिति की वैधता से संबंधित अभिलेख (चुनाव कार्यक्रम का विवरण, सोसाइटी का नवीनीकरण, साधारण सभा के सदस्यों की सूची एवं हस्ताक्षर प्रमाणन आदेश) उपलब्ध कराना होगा। अभिभावक संघ की जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी गठित होगी। 15 सितंबर से स्वच्छता अभियान शुरू होगा। दो अक्टूबर को महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर विद्यालयों में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।