जौनपुर। सुईथाकला ब्लॉक प्रमुख चुनाच को लेकर जंग शुरू हो गई है। भाजपा संगठन द्वारा घोषित प्रत्याशी को लेकर आम राय पार्टी में नहीं बन पा रही है। इसके पीछे चाहे जो भी कारण हो लेकिन भाजपा के एक विधायक ने प्रत्याशी चयन पर आपत्ति जताकर खलबली पैदा कर दी है। सांसद का समर्थन भी विधायक के निर्णय के साथ है। अभी तक चार लोगों ने चुनाव लड़ने के लिए पर्चा खरीदा है। जिसमें भाजपा द्वारा घोषित प्रत्याशी भी शामिल है।
खुटहन में अविश्वास के दौरान मारपीट, फायरिंग एवं आगजनी की घटनाएं हो चुकी है। बक्शा, सिकरारा, खुटहन में उप चुनावों में दो सीटें पर भाजपा ने अपना झंडा गाड़ा है। जबकि सिकरारा में पूर्व सांसद धनन्जय सिंह ने अपने करीबी को चुनाव जितवाया था। यहां भाजपा को प्रत्याशी भी नहीं मिल सका था। जैसा की चर्चा है सुईथाकला में सपा ब्लाक प्रमुख मिथिलेश के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव जो लोग एक होकर लाए थे। अब उप चुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर दूरियां बढ़ती नजर आ रही है। कुछ लोगों का कहना है कि भाजपा संगठन ने जो प्रत्याशी घोषित किया है। उनके पति कुछ माह पहले सपा के करीबी लोगों में गिने जाते थे। उधर इस बार भी उप चुनाव लड़ने की तैयारियों में जुटे शिव प्रसाद यादव प्रमुख के चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे थे। इस पर वह भी अपना भाग्य आजम रहे है। जो भी हो 15 सितंबर को होने वाले चुनाव में रोचक मुकाबला होने के आसार प्रबल हो गए है। इसमें कविता वर्मा, प्रेमशीला यादव, बृजेश वर्मा, शिव प्रसाद यादव ने नामांकन पत्र खरीदा है।