सुरेरी। शिक्षा विभाग के आरा जौनपुर गवर्नमेंट इंटर कालेज के प्रधानाचार्य ब्रह्मजीत यादव व पीडब्लूडी के इंजीनियर अमित सिंह ने शनिवार को रामपुर ब्लाक के पृथ्वीपुर गांव में हुए कार्यों की शिकायत की जांच करने पहुंचे। इस दौरान कार्ययोजना के अनुसार कार्य नहीं होना पाया गया।
पृथ्वीपुर गांव निवासी बच्चन सिंह ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गाव में हुए विकास कार्यों में अनियमितता और धन का बंदरबांट करने की शिकायत की थी। उनका आरोप था की ग्राम प्रधान ने वर्ष 2010 से लेकर अब तक बिना कार्य कराए ही धन निकाल लिया है। जिलाधिकारी ने जौनपुर गवर्नमेंट इंटर कालेज के प्रधानाचार्य ब्रह्मजीत यादव व पीडब्लूडी जौनपुर के इंजीनियर अमित सिंह को जांच अधिकारी नामित किया। दोनों जांच अधिकारी शनिवार को दोपहर गांव में पहुंचे। उन्होंने खड़ंजा, नाली निर्माण व विद्यालय की चहारदीवारी के काम की जांच की। आवास के लाभार्थी पन्ना विश्वकर्माण, मेवा विश्वकर्मा, श्रवण कुमार विश्वकर्मा, स्नेही विश्वकर्मा, रिंकू कहार आदि लाभार्थियों के पूछताछ की गई। लगभग 25 लोगों की जांच में 20 के आवास अपूर्ण मिले। किसी की छत नहीं ढली थी तो किसी के घर में प्लास्टर नहीं था। कई जगह बगैर खड़ंजा व नाली निर्माण कराए ही धन निकालने की बात सामने आई। जांच अधिकारियों ने बताया कि शिकायत काफी हद तक सही मिली है। कुछ शिकायतों की पुष्टि नहीं हो सकी है। वर्तमान प्रधान गायत्री देवी ने आरोपों को निराधार और राजनीतिक द्वेष के चलते बताया है।