जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में चालू सत्र से शुरू होने वाले बेसिक साइंस के चार विषयों में पठन-पाठन के लिए शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। संविदा पर शिक्षकों की नियुक्ति के लिए तीन दिन तक इंटरव्यू कराया जाएगा। हालांकि, शासन ने शिक्षकों की स्थाई नियुक्ति पर रोक लगा दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन संविदा पर शिक्षकों की नियुक्ति कर पठन-पाठन शुरू करने की तैयारी कर रहा। चार विषयों के लिए शासन से शिक्षकों के पद का सृजन किया गया था लेकिन नियुुक्ति पर रोक लगने के कारण अब संविदा शिक्षकों के सहारे पठन-पाठन शुरू कराने की तैयारी चल रही है। शुक्रवार से शिक्षकों की नियुक्ति के लिए इंटरव्यू शुरू हो गया। तीन दिन तक इंटरव्यू कराकर सभी विषयों में शिक्षकों तैनाती की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
विश्वविद्यालय में बेसिक साइंस की चार विषयों की पढ़ाई चालू सत्र से शुरू होनी है। जिसमें फिजिक्स, केमेस्ट्री, मैथ और जियोलाजी विषय की पढ़ाई शुरू होनी है। इन विषयों में 60-60 सीटों पर दाखिला लिया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन 31 अगस्त तक जमा किया जाना था। शुक्रवार को आवेदन जमा करने की तिथि बीत चुकी है। इन विषयों में कक्षा संचालन के लिए स्थाई शिक्षकों के नियुक्ति की जानी थी लेकिन शासन से रोक लगने के कारण शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो सकी। कुलपति की पहल पर इन विषयों की पढ़ाई के लिए संविदा शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है। शुक्रवार को पहले अतिथि गृह में शिक्षकों का इंटरव्यू शुरू हुआ। तीन दिन में शिक्षकों का इंटरव्यू कराकर शिक्षकों के तैनाती की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दाखिला के लिए आए ऑनलाइन आवेदन की जांच 31 अगस्त के बाद शुरू की जाएगी।