नेवढ़िया। क्षेत्र के इटाए बाजार के पास लगा 65 केवीए का ट्रांसफार्मर 15 दिन पहले फुंक गया था। जिसे विभाग द्वारा अभी तक नहीं बदला गया। जिसके कारण बाजार और उससे सटे गांवों में बिजली आपूर्ति ठप है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने शुक्रवार को मड़ियाहूं-कठिराव मार्ग पर इटाए बाजार के पास रास्ता जाम कर दिया। विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
इटाए बाजार और सटे गांवों में बिजली की सप्लाई के लिए 65 केबीए का ट्रांसफार्मर लगा था। जिस पर लोड ज्यादा हो जाने के कारण ट्रांसफार्मर आए दिन फुंक जाता है। बाजार के लोग चंदा इकट्ठा कर ट्रांसफार्मर की मरम्मत कराते है। करीब15 दिन पूर्व पुन: ट्रांसफार्मर फुंक गया। जिससे बाजार समेत गांव में अंधेरा फैल गया। जिसकी शिकायत कई बार बाजारवासियों द्वारा बिजली विभाग के कर्मचारियों सहित उच्च अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे नाराज उपभोक्ताओं ने मड़ियाहूं-कठिराव मार्ग पर इटाए बाजार के पास सड़क पर सैकड़ों की संख्या में इकट्ठा होकर रास्ता जाम कर दिया। बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम के दौरान बाजार में दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष नेवढ़िया विनोद यादव ने किसी तरह समझा बुझाकर जाम को समाप्त कराया। आश्वासन दिया कि शीघ्र ही ट्रांसफार्मर बदलवा दिया जाएगा। आश्वासन के बाद प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हो गए।