जौनपुर। जिले के सभी छह तहसीलों में आय, जाति व निवास के 77 हजार 363 प्रमाणपत्रों के आवेदन डंप हैं। इसमें 34933 जाति प्रमाण पत्र, 27941 आय प्रमाण और 14469 निवास प्रमाणपत्र की अर्जियां हैं। लेखपाल और तहसीलदार उनकी अर्जी का समय से सत्यापन नहीं कर रहे हैं। प्रमाण पत्र के लिए आवेदक लगातार चक्कर लगा रहे हैं। छात्रवृत्ति का आवेदन इसी महीने के अंत तक करना है। ऐसे आवेदक परेशान हैं।
जिले में इस माह कुल 30 लाख 52 हजार आवेदन प्रमाणपत्रों के लिए आए थे, जिसमें महज 29 लाख 75 हजार के करीब प्रमाण पत्र जारी हो सके हैं। आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र शीघ्र बन जाए इसके लिए बार -बार तहसील का लोगों को चक्कर न लगाना पड़े इसके लिए सरकार ने नौ फरवरी 2015 को ई-डिस्ट्रिक्ट योजना का शुभारंभ किया गया था। तब उम्मीद थी कि लोगों को आनलाइन और तेजी से प्रमाणपत्र मिलेंगे। मगर लेखपाल व तहसीलदारों की की मनमानी के चलते आवेदकों की समस्या कम होने के बजाय बढ़ गई है। हालत यह है कि आय, निवास व जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए लोग आनलाइन आवेदन करते हैं लेकिन लेखपाल व तहसीलदार सत्यापन ही नहीं कर रहे हैं और तय समय सीमा में लोगों का काम नहीं हो पा रहा है।
इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिले के सभी छह तहसीलों में जाति प्रमाण पत्र के लिए आए 11लाख 34 हजार 383 आवेदन में से मात्र 11लाख 6 हजार 422 प्रमाण पत्र जारी हुए हैं। शेष 27 हजार 961 प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पाए हैं। इसी प्रकार जाति प्रमाण पत्र के लिए आए 10लाख 54 हजार 895 आवेदन में से मात्र 10लाख 19 हजार 922 प्रमाण पत्र जारी हुए हैं। शेष 34 हजार 933 प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पाए हैं। निवास प्रमाण पत्र के लिए आए 9लाख 40 हजार 266 आवेदन में से मात्र 9लाख 25 हजार 797 प्रमाण पत्र जारी हुए हैं। शेष 14 हजार 469 प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पाए हैं।
इनसेट:
डंप पड़े हैं आवेदन
----------------------
तहसील - जाति - आय - निवास
केराकत - 5695 - 5093 - 2795
सदर - 10371 - 9127 - 5062
बदलापुर - 1688 - 691 - 657
मछलीशहर- 9356 - 6759 - 1740
मड़ियाहूं - 2369 - 1808 - 2200
शाहगंज - 5454 - 4483 - 2015
--------------------------------------------------------
योग 34933 - 27961-14469
--------------------------------------------------------
डंप पड़े सभी प्रमाण पत्रों को शीघ्र जारी करने का निर्देश एसडीएम को दिया जा चुका है। इसके लिए उन्हें लेखपाल और तहसीलदार के साथ बैठक करके समयावधि में ही प्रमाण पत्र जारी करने को कहा गया है। लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
आरपी मिश्र
एडीएम वित्त व राजस्व