बदलापुर/ घनश्यामपुर। कार्यदायी तहसील के सुंदरीकरण का काम आधा अधूरा छोड़ दिया। अधिशासी अभियंता यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। कार्यदायी संस्था को तहसील परिसर की चहारदीवारी व मुख्य प्रवेश द्वार के निर्माण पर साढ़े तीन लाख रुपये और तहसील परिसर की सर्विस रोड की विशेष मरम्मत के कार्य के लिए चार लाख रुपये जलनिकासी के लिए नाली निर्माण का कार्य पर तीन लाख रुपये, आवासीय भवनों की रंगाई पुताई के लिए छह लाख रुपये, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार के न्यायालय एवं तहसील सभागार में फर्नीचर पर 793810 रुपये, परिसर में आम जनता को बैठने के लिए व्यवस्था हेतु दो लाख रुपये, सार्वजनिक शौचालय निर्माण पर तीन लाख रुपये, परिसर में इन्टरलाकिंग कार्य पर दो लाख रुपये, विद्युत वायरिंग की मरम्मत एवं सोलर सिस्टम के लिए चार लाख रुपये, स्वच्छ पेयजल वाटर कूलर एवं पम्प आदि पर तीन लाख रुपये, सभागार में डायस एवं साउंड आदि की व्यवस्था पर एक लाख रुपये तथा परिसर में उद्यान समतलीकरण कार्य पर चालिस हजार रुपये कुल 39 लाख 83 हजार 810 रुपये की स्वीकृति हुई है। दो वर्ष बीत जाने के बाद भी सुंदरीकरण का काम आधा अधूरा कार्य किया गया। इस संबंध में जिलाधिकारी ने तहसीलदार से सुंदरीकरण पर हुए कार्य की जानकारी चाही थी। तहसीलदार ने दी गयी रिपोर्ट में जिलाधिकारी को बताया है कि कार्यदायी संस्था ने अभी तक मात्र तीस प्रतिशत ही कार्य किया है।