बदलापुर/ घनश्यामपुर। कोटेदारी व्यवस्था समाप्त कर कार्डधारकों के खाते में सीधे सब्सिडी की धनराशि भेजे जाने की मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा का कार्ड धारकों ने स्वागत किया है। कार्डधारक शकुंतला, गायत्री देवी, शशि, प्रभा, सुमन, प्रतिमा, नीतू, सरोज, कुसुम देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्णय से शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ सीधे गरीबों को मिलेगा। इससे नीचे से लेकर ऊपर तक होने वाला भ्रष्टाचार समाप्त होगा। कार्डधारकों का कहना है कि इससे कोटेदार के चौखट पर होने वाले शोषण, मनमानी तथा घटतौली के बजाए सीधे खाते में मिलने वाली सब्सिडी से राहत मिलेगी। कार्डधारक कुपोषण तथा भूख से नहीं मरेगा। इधर कोटेदार संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी ने सीएम के निर्णय पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का यह निर्णय स्वेच्छाचारिता का निर्णय है। उनके इस निर्णय का कोटेदार संघ विरोध करेगा।