केराकत। तहसील क्षेत्र के निवासी के शहाबुद्दीनपुर गांव निवासी और किंग जार्ज मेडिकल कालेज लखनऊ (केजीएमयू) के उप कुलपति डा. मदन लाल ब्रह्म भट्ट को चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट शिक्षक के प्रतिष्ठित सम्मान बीसी राय एवार्ड के लिए चयनित किया गया है। सम्मान के लिए चयन होने पर क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। डा. भट्ट को इस उपलब्धि पर उनको फ़ोन पर लोगों ने बधाई दी। डा. मदन लाल भट्ट के भाई धीरेंद्र शर्मा, रतन लाल शर्मा व सुरेश शर्मा तथा उनके मित्र वीरेंद्र कुमार व वली मोहम्मद खान ने इसे क्षेत्र का सम्मान बताया।
डा. भट्ट 14 अप्रैल 2017 से किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में उपकुलपति के पद पर तैनात हैं। डा. भट्ट को यह सम्मान राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाएगा। हालांकि अभी सम्मान की तिथि तय नहीं की गई है। शासन स्तर से 24 अगस्त को जारी लेटर में उनका डिटेल मांगा गया है। डा. भट्ट ने यह सम्मान अपने शिक्षकों को समर्पित करते हुए कहा कि उन छात्रों का भी आभारी हूं जिन्होंने अच्छा शिक्षक बनने में योगदान दिया है। शहाबुद्दीनपुर गांव निवासी डा. भट्ट के पिता सत्यनारायण भट्ट व माता चम्बा देवी हैं। एक साधारण परिवार में जन्मे डा. भट्ट की इंटर तक की शिक्षा जौनपुर के टीडी कालेज से हुई। हाईस्कूल में उन्होंने प्रदेश में नौवां स्थान प्राप्त किया था। वर्ष 1982 में केजीएमयू से ही एमबीबीएस की डिग्री हासिल की।