जौनपुर। जिले की तीन नगर पालिकाओं एवं छह नगर पंचायतों में गरीबों के लिए 4908 आवास बनाए जाएंगे। इसके लिए 110 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) ने शासन को भेजा है। आवास के लिए प्रत्येक लाभार्थी को ढाई लाख रुपए किस्तों में दिए जाएंगे।
जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने डूडा के परियोजना निदेशक को आवासों की डीटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने को कहा था। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत आवास विस्तार घटक के 1227 एवं नए आवास घटक के 3681 आवासों की रिपोर्ट तैयर की गई है। इस तरह कुल 4908 आवासों का प्रस्ताव तैयार किया गया, जिसे शासन को भेज दिया गया है। इसमें आवास निर्माण के लिए प्रथम किस्त में 50 हजार, द्वितीय किस्त में 1.50 लाख, तृतीय किस्त में 50 हजार अर्थात कुल 2.50 लाख रूपए का अनुदान केंद्र व राज्य सरकार द्वारा दिया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत चयनित अभ्यर्थियों को बिना कोई शुल्क लिए सहायता मुहैया कराई जाती है। अधिकारियों ने कहा कि यदि आवास के नाम पर कोई पैसा मांगता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। पहले शासन ने 1628 आवासों की स्वीकृति दे दी है। इसमें 873 लाभार्थियों को प्रथम किस्त तथा 336 लाभार्थियों के काते में द्वितीय किस्त की धनराशि भेजी जा चुकी है। 102 लाभार्थियों को प्रथम किस्त तथा 158 लाभार्थियों को द्वितीय किस्त की धनराशि उनके बैंक खाते में भेजने के लिए स्वीकृति जिलाधिकारी द्वारा प्राप्त हो गई है, जिसे जल्द ही भेजा जाएगा। निर्माणाधीन आवासों की गुणवत्ता एवं लाभार्थियों के अभिलेखों की जॉच सिविल इंजीनियर यशवीर सिंह द्वारा की जा रही है। जिन लाभार्थियों को प्रथम एवं द्वितीय किस्त की धनराशि प्राप्त हो गई है, वे जल्द से जल्द आवास निर्माण का कार्य पूर्ण कराएं।
डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलने के बाद लाभार्थियों को आवास आवंटित जिले के सभी नगर निकायों में किया जाएगा।-एमपी सिंह, प्रभारी पीओ डूडा