सिरकोनी। विकास खंड के हुंसेपुर गांव में जर्जर हो चुके बिजली का तार बार-बार टूट कर गिर रहा है। चार वर्ष पहले तार टूटकर गिरने से शिव प्रसाद यादव की भैंस उसकी चपेट में आकर मर गई। उसकी पत्नी और उसकी बेटी बाल बाल बच गई। तार बहुत पुराना और जर्जर हो चुका है। जो बार-बार टूट कर गिर जाता है। शुक्रवार तार टूटकर गिरा तो सड़क से कई राहगीर गुजर रहे थे। संयोग रहा कि सब लोग बच गए। चार साल पहले जफराबाद विधायक ने नगर पंचायत में लगे चौपाल में कहा था कि तार को बदलने के लिए विभाग को कहा गया है लेकिन आज तक उस पर कार्यवाही नहीं हुई। कई साल से ग्रामीण जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं लेकिन तार नहीं बदला जा रहा है। जेई निर्भीक सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा तार नहीं मिल रहा है हम लोग तार कहां से बदलें। बार-बार टूटे हुए तार को जोड़कर चलाना बहुत बड़े खतरे को दावत देने के बराबर है। लोगों का कहना रहा कि ऐसा लग रहा है कि बिजली विभाग किसी बड़ी घटना होने का इंतजार कर रहा है।