जौनपुर। प्रमुख सचिव दुग्ध विकास डा. सुधीर एम बोबडे़ ने मंगलवार को जगदीशपुर में निर्माणाधीन होमगार्ड भवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोरसंड व थाना गौराबादशाहपुर में बने पंचायत भवन व कर्मचारियों के आवासिय भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माणाधीन होमगार्ड भवन की जांच कराने व वार्डो व अस्पताल परिसर में सफाई रखने का निर्देश दिया। साथ ही थाना परिसर में जल भराव पर नाराजगी जताते हुए सफाई कराने को कहा।
प्रमुख सचिव दुग्ध विकास डा. सुधीर एम बोबडे़ ने सबसे पहले जगदीशपुर में निर्माणाधीन होमगार्ड भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी को तीसरे पार्टी से जांच कराने का निर्देश दिया। वहीं फायर बिग्रेड स्टेशन चौकिया के निर्माणाधीन आवास को भी देखा। जिसकी गुणवत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त किया । जिस पर राहुल एण्ड कम्पनी के ठेकेदार ने बताया कि कार्य पूर्ण कर 6 माह में आवास को विभाग को हैंडओवर कर दिया जाएगा।इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोरसंड का निरीक्षण किया। इस दौरान वहॉ के फार्मासिस्ट गीता गौतम से दवाओं की उपलब्धता के बारे में पुछा। साथ ही मरीजों से सुविधाओं के बारे में जानकारी लिया। उन्होंने साफ-सफाई, ओपीडी कक्ष, डेंगू वार्ड की जांच की।जिस पर वार्ड को साफ करने और अस्पताल परिसर में गंदगी नहीं होने देने का निर्देश दिया। थाना गौराबादशाहपुर में बने पंचायत भवन व कर्मचारियों के आवासिय भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान थाने परिसर में जल भराव होने पर नाराजगी जाहिर किया। साथ ही इसे शीघ्र सफाई कराने का निर्देश थानाध्यक्ष को दिया। उन्होंने थानाध्यक्ष से गुंडा एक्ट में कार्यवाही करने और त्यौहार रजिस्टर आदि के बारे में जानकारी प्राप्त किया।
कोटेदार के खिलाफ जांच करने का दिया आदेश
गौराबादशाहपुर। मुख्य सचिव सुधीर एम बोवड़े जैसे ही थाने का निरीक्षण कर अपने वाहन की तरफ बढ़े तभी बंजारेपुर गांव के सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों ने गांव के कोटेदार की करतूतो की जानकारी मुख्य सचिव को दी। जिस पर जिलाधिकारी अरबिंद मलप्पा बंगारी को मामले की जाँच कर कार्यवाही करने का निर्देश दिया। कहा कि अगर कोटेदार गलत पाया जाये तो एक हप्ते के अंदर खुली बैठक के उपरांत नए कोटेदार का चयन किया जाय।