जौनपुर। डाक विभाग द्वारा कक्षा छह से लेकर नौ तक के मेधावी छात्र-छात्राओं को दीनदयाल स्पर्श योजना के तहत वार्षिक छात्रवृत्ति प्रदान किया जाएगा। इसके लिए क्षेत्रीय डाक कार्यालय वाराणसी में 31 अगस्त को फिलेटेली (डाक टिकट) क्विज का आयोजन किया जाएगा। इसमें लिखित परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों को वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाएगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त है। अधीक्षक डाकघर गौरीशंकर सिंह ने बताया कि छात्रों की फिलेटेली की रुचि पैदा करने के लिए दीनदयाल स्पर्श योजना के तहत वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके तहत राष्ट्रीय स्तर पर 290 छात्रवृत्ति प्रदान की जानी है। उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल में कक्षा छह से लेकर नौ तक के 10-10 विद्यार्थियों छात्रवृत्ति मिलेगी। सूबे में अधिकतम 40 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। चयनित छात्र-छात्राओं में प्रति छात्र 500 रुपये प्रति माह की दर से छह हजार रुपये प्रति वर्ष दी जाएगी। अभ्यर्थी को विद्यालय का फिलेेटली क्लब का सदस्य होना चाहिए।
जौनपुर। जिला पूर्ति अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि नगरीय क्षेत्रों में ई-पॉस मशीन से खाद्यान्य का वितरण कार्य कराया जा रहा है। ऐसे कार्ड धारक जिनका अंगूठा ई-पॉस मशीन द्वारा स्वीकार नहीं किया जा रहा हैं। वे कार्डधारक संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी व पूर्ति निरीक्षक से संपर्क कर राशनकार्डो से संबंधित समस्त दस्तावेज , आधार कार्ड, मुखिया की फोटो, बैंक एकाउंट उपलब्ध कराते हुए जांच कराएंगे।
उन्होंने कहा कि जांचोपरान्त संबंधित पूर्ति निरीक्षक व जिला पूर्ति कार्यालय के क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी से आदेश प्राप्त होने के बाद ही नगरीय क्षेत्र के विक्रेता प्रॉक्सी के माध्यम से (राशनकार्ड संख्या से ) माह के 28 से 31 के बीच वितरण करेंगे। जिन कार्ड धारकों के अंगूठा ई-पॉस मशीन में नहीं लगा है। वे कार्ड धारक 28 से 31 के बीच कार्ड के साथ अपने विक्रेताओं से संपर्क कर खाद्यान्न प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे। माह-अगस्त, का खाद्यान्न आवंटन एक जून से ऑनलाइन प्रदर्शित हो रहा है। राशन कार्ड डेटा पर शासन द्वारा प्राप्त हुआ है। जबकि मिटटी तेल का आवंटन दो जुलाई के कार्ड संख्या के सापेक्ष प्राप्त हुआ है।