मडियाहूं। नगर पंचायत की उदासीनता के चलते नगर के सभी सार्वजनिक स्थलों पर विज्ञापन के कारोबारियों का अवैध कब्जा होता जा रहा है। लोहे के गार्डर और एंगल से बोर्ड बनाकर उन्होंने प्रमुख स्थानों पर कब्जा किया कर लिया है।
विज्ञापन कारोबारियों ने भगत सिंह तिराहा, गांधी चौक, इंदिरा पार्क, कोतवाली, तहसील, स्टेट बैंक सहित अन्य जगहों पर सड़क किनारे की दोनों साइड में कब्जा जमा लिया है। विज्ञापन के बोर्ड लगाने के लिए नगर पंचायत एजेेंसी की नियुक्ति करता है। इंजीनियर विज्ञापन साइटों का सत्यापन कर नागरिक की सुरक्षा आदि का ध्यान रखकर उसकी पुष्टि करते हैं। उसके बाद नगर पंचायत द्वारा अनुमति दी जातीा है। प्रतिवर्ष बाकायदा विज्ञापन के लिए नीलामी की जाती है। इससे निकाय को अच्छी आमदनी होती है। मगर मडियाहूं नगर पंचायत में ऐसी किसी भी प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है। मनमाने ढंग से विज्ञापन के लिए होर्डिंग लगाया जा रहा है, जिससे सुरक्षा को तो खतरा है ही नगर पंचायत के राजस्व की क्षति हो रही है। यहां तक कि विज्ञापन साइटों के निर्माण में किसी भी प्रकार से नागरिक सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। यदि आंधी तूफान में यह साइट गिरे तो भारी जान माल के नुकसान हो सकता है। इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि विज्ञापन के लिए नियमावली बनाई गई है। लेकिन गजट जारी नहीं किया गया है। विज्ञापन साइटों के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई है। इस प्रकार सभी विज्ञापन स्थल अवैध हैं। जिसके लिए अभियान चलाकर कार्यवाही की जाएगी। समाज सेवी राजकुमार शर्मा व व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष चन्द साहू ने जिलाधिकारी जौनपुर का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अनाधिकृत रुप से लग रही ऐसी विज्ञापन साइटों को बंद कराने की मांग की है।