मछलीशहर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा किसानों की समस्याओं को लेकर तहसील परिसर में चल रही क्रमिक भूख हड़ताल 111वें दिन भी जारी रहा। मंगलवार को उपजिलाधिकारी जेएन सचान व क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार शुक्ला से नेताओं की हुई वार्ता भी विफल रही। भाकपा कार्यकर्ता क्षेत्रीय किसानों की समस्याओं, गिरती कानून व्यवस्था, पुलिस व अराजक तत्वों के बीच सांठगांठ, कमजोर लोंगों की जमीनों व मकानों पर पुलिस की मिलीभगत से कब्जे का विरोध कर रहे हैं। मंगलवार को दोपहर में उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी से भाकपा प्रतिनिधि मंडल सुभाष पटेल, सत्य नारायन पटेल, सुभाष गौतम, कृष्ण नरायन तिवारी, बबलू पटेल, राजेन्द्र मौर्य, संजय सोनी आदि की उपस्थिति में हुई वार्ता बेनतीजा रही। भाकपा कार्यकर्ता समस्याओं के निस्तारण की मांग पूरी होने के बाद धरना खत्म करने पर अड़े रहे। भाकपा नेताओं ने बताया कि धरने के 42 वें दिन दोनों अधिकारी धरना स्थल पर आकर समस्या के समाधान का आश्वासन दिए थे लेकिन फिर भी अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है। भाकपा नेताओं का कहना है कि 15 फरवरी 2018 से जारी धरना व क्रमिक भूख हड़ताल तभी समाप्त होगा जब मांग पूरी हो जाएगी।