जौनपुर। यूपीपीएससी इलाहाबाद की ओर से आयोजित असिस्टेंट टीचर ग्रेड परीक्षा 2018 (एलटी ग्रेड) की परीक्षा 29 जुलाई को जिले के 49 केंद्रों पर होगी। परीक्षा सुबह 11.30 बजे से 1.30 बजे तक एक पाली में होगी। सभी केंद्रों पर नकल विहीन परीक्षा कराने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा में 22757 अभ्यथी शामिल होंगे। परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप दे दिया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ब्रजेश मिश्र ने बताया कि परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को शांतिपूर्ण और नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए निर्देश दिया गया है। सुरक्षा को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पुलिस तैनात की गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारी के लिए 28 जुलाई को अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा संजय अग्रवाल सभी जिलों के डीएम और डीआईओएस से वीडियों क्रांफ्रेसिंग करेंगे। परीक्षा के दिन सभी केंद्रों पर कड़ी नजर रहेगी। यदि परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के दौरान किसी तरह की शिकायत मिलती है तो संबंधित परीक्षा केंद्र के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सक्षम अधिकारी की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रश्न पत्र सभी केंद्रों पर भेजे जाएंगे।