मडियाहूं। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गायत्री चेतना चेतना केंद्र सुभाष पुर पाली द्वारा आयोजित 24 कुंडीय महायज्ञ के तीसरे दिन विभिन्न संस्कार जैसे नामकरण, पुंसवन ,विद्यारंभ, अन्नप्राशन, यज्ञोपवीत शांतिकुंज से आए आचार्यों द्वारा संपन्न कराया गया। इस अवसर पर शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे यज्ञाचार्य पंडित बिनय केसरी ने बताया कि मनुष्य के शरीर से निरंतर निकलने वाली गंदगी से वायुमंडल प्रदूषित होता रहता है। इसका शुद्धिकरण यज्ञ की सुगंध से होता है। यज्ञ का धुआं आकाश में पहुंचकर बादलों में मिलता है उससे वर्षा का अभाव दूर होता है ।यज्ञ द्वारा जो शक्तिशाली तत्व वायुमंडल में फैलाए जाते हैं। उससे हवा में घूमते हुए असंख्य रोगाणु सहज ही नष्ट हो जाते हैं। इसके अलावा अन्य तमाम प्रकार के लाभ यज्ञ द्वारा मनुष्य को प्राप्त होते हैं। यज्ञ में क्षेत्र के सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा यज्ञ स्थल पर स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया था। यज्ञ को संपन्न कराने में सुरेंद्रनाथ तिवारी, गीता मिश्र, सुनील मिश्रा, छोटेलाल यादव ,अशोक मिश्र, बिशाल दूबे, हीरा मौर्य ने सहयोग किया। संचालन डी पटेल एवं राजेश शास्त्री ने किया।