जौनपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि ने कहा कि नयी पीढ़ी एवं पुरानी पीढ़ी के बीच सामंजस्य बनाने में सोशल मीडिया अहम भूमिका निभा रही है। सूचनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित आईटी सेल की बैठक में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनकल्याणकारी कार्य कर रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में हर राज्य सरकार विकास को बढ़ावा देने में सक्षम हुई है। जो सभी योजनाओं को लागू कर रही है। इन योजनाओं को जनजन तक पहुंचने का काम सोशल मीडिया के साइबर योद्धा कर रहे है। आज का समय सूचना क्रांति का युग है और अपनी बात सोशल मीडिया के माध्यम से जनता तक आसानी से पहुंचाई जा रही है। पांच करोड़ परिवारों को स्वास्थ्य की सुविधा देने की घोषणा 15 अगस्त की जाएगी। आज तक यह सेवा केवल अमेरिका जैसे देशों में ही थी। किसानों को उनकी लागत का डेढ गुना लागत देकर सरकार ने वादा पूरा किया। जिसमें 19 फसले शामिल हैं। देश की जनता ने मोदी में विश्वास किया था। जनता आज स्वीकार कर रही है कि उनका निर्णय सही था। प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल ने कहा कि आज सोशल मीडिया का जमाना है। देश में 1.80 करोड़ से अधिक लोग सोशल का उपयोग कर रहे हैं। जिसके द्वारा सरकार की योजनाओं को जनता के बीच ले जाना आसान हुआ है। काशी प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव और प्रदेश महामंत्री सलिल विश्नोई ने कहा कि सबका साथ सबका विकास का नारा देकर न सिर्फ केंद्र की मोदी सरकार ने देश में भाजपा का नाम रोशन किया, बल्कि विदेशों में केंद्र की मोदी सरकार की जय-जयकार हो रही है। इस मौके पर मोहितोष नारायण, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैदर अब्बास चांद, संगठन मंत्री रत्नाकर जी, जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय, रामहित निषाद, राजेश श्रीवास्तव बच्चा भइया, मीडिया प्रभारी अभय राय , मनोज,रोहन सिंह, अनिल मिश्र आदि मौजूद रहे।