जलालपुर। ब्लाक के सभागार में शनिवार को दो दिनी मशरूम उत्पादन कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जफराबाद के विधायक डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया। विधायक ने कहा कि किसान बहुत सी ऐसी फसलों की खेती करते हैं, जिसकी लागत इतनी अधिक आती हैं कि आमदनी कम हो जाती हैं। ऐसी परिस्थिति में आमदनी बढ़ाने में मशरूम की खेती का महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है क्योंकि इससे लगाए गए लागत का तीन गुना लाभ होता हैं। उन्होंने कहा कि आज घटते हुए भूमि क्षेत्रफल, अनाज उत्पादन, बढ़ती बेरोजगारी की समस्या, गरीबी एवं कुपोषण की समस्या को लेकर मशरूम की खेती का महत्व बढ़ रहा है। थोड़ी से लागत में इसे शुरू किया जा सकता है। कार्यक्रम में डॉ. दयाराम, डा. सतीश कुमार, डा. योगेश कुमार, डा. सुरेश कन्नौजिया, डा. संदीप कुमार ने किसानों को मशरूम उत्पादन की जानकारी दी। जिला उद्यान अधिकारी हरिशंकर ने आभार जताया। अध्यक्षता बीडीओ देवेंद्र सिंह व संचालन डिप्टी पीडी आत्मा डा. रमेशचंद यादव ने किया। इस मौके पर प्रगतिशील किसान अभिमन्यु राय, रामचंद्र दूबे, अरविंद यादव, विजय सिंह, डीडी सिंह आदि मौजूद रहे।