जौनपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत गरीब को अन्न के आयोजन के लिए एक से लेकर 15 अगस्त तक पखवाड़ा कार्यक्रम चलेगा। जिसमें जिलाधिकारी द्वारा नामित जिला स्तरीय पर्यवेक्षणीय अधिकारियों द्वारा खाद्यान्न एवं केरोसीन का भौतिक सत्यापन स्टॉक रजिस्टर के अनुसार कर रिपोर्ट जिलापूर्ति कार्यालय में सौपेंगे। इसके अलावा उक्त पखवारा कार्यक्रम में राशन कार्डों की भी जांच की जाएगी।
जिलापूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि खाद्यान्न एवं केरोसीन तेल का भौतिक सत्यापन और राशन कार्ड के सत्यापन का कार्य एक से 13 अगस्त किया जाएगा। इसके लिए शासना द्वारा जारी दिशा निर्देश के क्रम में जांच करने का कार्य किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में उचित दर विक्रेताओं द्वारा खाद्यान्न व केरोसीन के उठान एवं उसकी पहुंच का सत्यापन ग्राम पंचायत अधिकारियों व लेखपालों के माध्यम से किया जाता है। जिसकी क्रॉस चेकिंग हेतु जिलाधिकारी द्वारा नामित जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा उचित दर विक्रेताओं द्वारा उठान किये गए खाद्यान्न व केरोसिन का भौतिक सत्यापन स्टॉक रजिस्टर के अनुसार कर के रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराएंगे। इसी प्रकार 5 अगस्त से 20 अगस्त के मध्य उचित दर विक्रेताओं की दुकान से लाभार्थियों को पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की उपस्थिति में आवश्यक वस्तुओं का वितरण सुनिश्चित कराया जाएगा, जिसकी रेंडम आधार पर सत्यापन हेतु जिलाधिकारी द्वारा उपजिलाधिकारियों, तहसीलदार व बीडीओ की ड्यूटी लगाई गई है। जिसके द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में कार्ड धारकों से बयान इत्यादि लेकर वितरण की रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराएंगे। इसके अलावा पात्र लाभार्थियों के आवेदन फार्म की जांच 20 जुलाई तक नगरीय क्षेत्रों में पूर्ति निरीक्षकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत अधिकारियों द्वारा की जाएगी। जिसमें आवेदन पत्रों के साथ संलग्न अभिलेखों आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाईल नम्बर आदि की वैधता की जांच की जाएगी। सत्यापन का कार्य प्रत्येक दशा में 11 से 20 जुलाई तक पूर्ण करा लिया जाएगा।