जौनपुर। गोधना परिषदीय स्कूल को माडल के तौर पर तैयार किया जा रहा है। यह विद्यालय सूबे का पहला माडल विद्यालय होगा। मंगलवार को जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। डीएम ने गांव निवासी और उद्योगपति ज्ञान प्रकाश सिंह ने प्राथमिक विद्यालय को गोद लेकर माडर्न स्कूल बनाने का संकल्प लिया है। डीएम उनके इस पहल की पहल को सराहना।
उन्होंने कहा कि इस तरह से सभी सक्षम लोग सहयोग करें तो समाज के गरीब परिवार को भी गुणवत्तायुक्त शिक्षा देना आसान हो जाएगा। डीएम ने विद्यालय को अंग्रेजी माध्यम बनाकर योग्य शिक्षकों की तैनाती करने का निर्देश बीएसए को दिया है। उन्होंने परिसर में खंडहर में तब्दील शौचालयों व कक्षों को तोड़कर सुंदरीकरण करने का निर्देश दिया है। ज्ञान प्रकाश सिंह के पुत्र अमित सिंह ने बताया कि पिताजी द्वारा गोंद लिए गए स्कूल को सुंदर व सुसज्जित बनाने के साथ ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। वाई फाई, थ्री डी प्रोजेक्टर, डीलक्स शौचालय, आरओ, वाटर कूलर, डेस्क-बेंच, ज्ञान वर्धक बाल पेंटिंग, खेल के उपकरण आदि संसाधन अच्छे कान्वेंट स्कूल की तरह उपलब्ध कराया जाएगा। बीएसए डा. राजेंद्र प्रसाद सिंह ने आदर्श विद्यालय बनाने में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने, अधिक से अधिक नामांकन बढ़ाने व छात्रों की शत प्रतिशत उपस्थित का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान माउण्ट लिट्रा जी स्कूल के निदेशक अरविंद सिंह, ग्राम प्रधान व क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।