जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के वशीरपुर गांव में रास्ते पर हुए अतिक्रमण के विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर अपनी मांग से संबंधित पत्रक जिलाधिकारी को सौंपा।
जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्रक में ग्रामीणों की ओर से कहा गया है कि गांव में अयोध्या प्रसाद निषाद के घर से रानवल निषाद के घर तक चकमार्ग का निर्माण हुआ है। बस्ती के लोगों को आने जाने के लिए .यही एक मात्र रास्ता है। बावजूद इसके रास्ते पर मनबढ़ों ने अतिक्रमण कर लिया है। अतिक्रमण को मुक्त कराने के लिए गांव के लोगों ने 22 जून 2017 को भी जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया था। जिसपर डीएम ने लेखपाल को निर्देश दिया था कि अगर चकमार्ग पर अतिक्रमण हो तो उसे मुक्त कराएं। लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि अतिक्रमण करने वालों से लेखपाल की सांठगांठ है। जिससे उनपर कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। प्रदर्शन करने वालों में शंभू निषाद, विजय कुमार गौतम, इंद्रजीत निषाद, शिवमूरत निषाद, रोहित, शंकर, रामलखन, रामू निषाद, दिलीप कुमार, गुड्डू, मंगला, अच्छेलाल, राकेश कुमार , रामचरित्र समेत पचास से अधिक लोग शामिल थे।