जौनपुर। अमर शहीद उमानाथ सिंह जिला चिकित्सालय में रविवार को प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का शुभारंभ किया गया। यहां बाजार मूल्य से 40 से 80 प्रतिशत कम मूल्य पर मरीजों को जेनरिक दवाईयां मिलेंगी। केंद्र में 600 से अधिक दवाएं और करीब 150 आपरेशन से संबंधित सामान उपलब्ध हैं। केंद्र का उद्घाटन नगर विकास पुर्नवास राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने फीता काटकर किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मन में परिकल्पना है कि गरीबों को कम खर्च में इलाज हेतु दवाएं उपलब्ध हों। इसी को ध्यान में रखकर आयुष्मान भारत योजना प्रारंभ की गई है। इसके तहत वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार के सभी सदस्यों का बीमा कराया जाएगा, जिसमें गंभीर बीमारी के इलाज पांच लाख रुपये तक मुफ्त किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से इस योजना का प्रचार-प्रसार आम जनमानस में बृहद स्तर पर कराने को कहा। जिससे अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। सीएमओ डा. रामजी पांडेय ने बताया कि प्रधानमंत्री जन औषधि के एक सौ से अधिक केंद्र आज ही विभिन्न शहरों में प्रारंभ किये जा रहे है। इस केंद्र पर वर्तमान समय में 600 से अधिक दवाएं एवं 150 सर्जिकल उपकरण उपलब्ध है। यहां दवाएं बाजार दर से 40से 80 प्रतिशत कम दरों पर उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम का संचालन अजय सिंह ने किया। मुख्य चिकित्साधीक्षक डा. एसके पांडेय ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डा. स्वतंत्र सिंह, डा. एके मौर्या, डा. आरए मौर्या, सत्यब्रत त्रिपाठी, आशुतोष पाठक, अमजद रशीद, संजय यादव आदि उपस्थित रहे।