खेतासराय। बिना मान्यता वाले स्कूलों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दूसरे दिन शनिवार को टास्क फोर्स ने क्षेत्र के कई विद्यालयों में छापा मारा। इस दौरान विद्यालय खुलने व शिक्षकों की उपस्थिति सहित अभिलेखों की जांच की। बिना मान्यता के चल रहे दो स्कूलों को बंद कराया। इन स्कूलों के बच्चों को परिषदीय स्कूलों में पंजीकृत करा दिया। वहीं एक स्कूल समय से पहले बंद पाए जाने पर प्रधानाध्यापक का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति दी। और मानीकला के प्राथमिक विद्यालय और उर्दू प्राथमिक विद्यालय में अभी तक एक भी पाठ नहीं पढ़ाए जाने पर सभी अध्यापकों का वेतन अवरुद्ध कर दिया।
बीएसए डा. राजेंद्र सिंह द्वारा गठित टास्क फोर्स की टीम ने बीईओ राजीव कुमार यादव और एबीआरसी धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में बंशीधर बाल विद्यामंदिर मूड़ैला पहुंचे। जांच के दौरान विद्यालय बगैर मान्यता का चलता पाया गया तो विद्यालय को बंद कराते हुए बच्चों को पास के परिषदीय विद्यालय में पंजीकृत करा दिया। इसके बाद टीम सोंगर गांव में बगैर मान्यता के चल रहे भागीरथी बाल विद्या मंदिर को बंद कराया। यहां के भी बच्चों को परिषदीय विद्यालय में पंजीकृत कराया। शेख मंसूर अली गांव के प्राथमिक विद्यालय में गेट पर ताला लटकता मिलने पर प्रधानाध्यापक फूला देवी का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति दी। प्राथमिक विद्यालय और उर्दू प्राथमिक विद्यालय मानीकला पहुंची। निरीक्षण के दौरान अध्यापक बच्चों को पढ़ाने के बजाय एक जगह बैठकर आपस में बात करते पाए गए। बच्चों से पूछताछ में पता चला कि अभी तक विषय का एक भी पाठ नहीं पढ़ाया गया। जिस पर विद्यालय के सभी शिक्षकों का वेतन अवरूद्घ कर दिया गया।