जौनपुर। पद नाम राजस्व उपनिरीक्षक करने आदि मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के नेतृत्व में सभी तहसील के लेखपालों का कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहा कार्य बहिष्कार व अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। इस दौरान आठ सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग की। साथ ही जब तक मांगों के संबंध में शासनादेश जारी नहीं होगा तब तक धरना प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी। इस दौरान ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति जौनपुर, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद व राजस्व निरीक्षक संघ ने भी अपना समर्थन दिया।
वक्ताओं ने कहा कि हमारी आठ सूत्रीय मांगों में भत्तों में वृद्धि करने, लैपटाप व स्मार्टफोन उपलब्ध कराने, लेखपाल का पद नाम राजस्व उप निरीक्षक करने, प्रारंभिक ग्रेड पे 2800 करने, वेतन व पेंशन विसंगति को दूर करने आदि है। सरकार द्वारा जब तक मांगों के संबंध में शासनादेश जारी नहीं होगा तब तक हमलोगों का कार्य बहिष्कार व अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन समाप्त नहीं होगा। धरने में राज्य संयुक्त परिषद के संरक्षक सीबी सिंह, राजस्व निरीक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मिठाई लाल, लेखपाल संघ के जिला संयोजक संजय कुमार,जिला सह संयोजक जयशंकर यादव, दूधनाथ, संदीप श्रीवास्तव, वीरेंद्र प्रताप, धीरेंद्र प्रताप, जनार्दनमिश्रा, रमेशचंद्र त्रिपाठी, दर्गेश कुमार, रामनरायन यादव आदि उपस्थित रहे।