मछलीशहर। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट अवैध रूप से संचालित मीट, मुर्गा एंव मछली की दुकानों को हटवाने के लिए मंगलवार को बजरंग दल, विहिप के पदाधिकारियो का गुस्सा फूट पड़ा। नगर पंचायत पर हीलाहवाली का आरोप लगाते हुए जमकर कर हंगामा किया। सूचना मिलने पर एसडीएम चन्द्रशेखर एंव अधिशासी अधिकारी धीरज सिंह के साथ मौके पर पहुंच गए। कार्रवाई करने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। बजरंग दल व विहिप के पदाधिकारियो का आरोप था कि विगत 5 जुलाई को तहसील परिसर में एसडीएम चन्द्रशेखर को ज्ञापन देकर शिकायत की गई थी कि सीएचसी के पास सड़क पर खुले आम अवैध रूप से मीट, मुर्गा एंव मछली काटा व बेचा जाता है। जिसके दुर्गन्ध के चलते सड़क पर आने जाने वाले लोगों को नाक बन्द कर आना जाना होता है। मुर्गे पानी एंव मलबा तालाब में फेक दिया जाता है। शिकायत के बाद एसडीएम ने ईओ धीरज सिंह को बुलाकर तुरन्त कार्यवाही करने का निर्देश दिया था। एसडीएम के आदेश पर भी नगर पंचायत आनाकानी कर रहा है। जिसके चलते मंगलवार को आखिरकार बजरंग दल व विहिप के लोगों का गुस्सा फुटा और बड़ संख्या में लोग वहां पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस मौके पर राजेश उमर वैश्य, राजकुमार पटवा, रवि पटवा, सन्तोष तिवारी, अमन अग्रहरि, सन्तोष यादव, सन्तोष जायसवाल आदि मौजूद रहे।