भूख हड़ताल पर बैठने के बाद दिया गया विद्युत कनेक्शन
मुंगराबादशाहपुर। कई महीनों से अंधेरे में रह रहे क्षेत्र के पलई के पूरा निवासी देवीशंकर तिवारी ने गुरुवार को विद्युत उपकेंद्र पर भूख हड़ताल की। इसके बाद अधिकारियों के हाथ पांव फूलने लगे। शाम को विद्युत कनेक्शन दिया गया। पलई पूरा निवासी देवी श़ंकर का आरोप है कि उन्होंने दो माह पूर्व विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन किया था लेकिन आज तक कनेक्शन नहीं मिला। जेई संदीप सरोज का कहना है कि देवी शंकर के पिता बद्री नारायण तिवारी ने विद्युत विभाग को एक प्रार्थना पत्र देकर अपने नाम से मकान का हवाला देते हुए पुत्र को कनेक्शन न देने की गुहार लगाई थी। इसके कारण कनेक्शन नहीं दिया जा रहा था। अनशन पर बैठने के बाद अधिकारियों से वार्ता कर देवी शंकर को विद्युत कनेक्शन दे दिया गया है।