जौनपुर। लेखपालों की हड़ताल के चलते मंगलवार को समाधान दिवस पर आने वाले वाले 811 फरियादियों को मायूस लौटना पड़ा। उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। सिर्फ 65 मामलों में ही निस्तारण हो सका। जबकि 876 फरियादी बारिश के मौसम के बावजूद भी अपनी फरियाद लेकर तहसीलों पर आए। समाधान दिवस की स्थिति यह है कि कई वर्षों से फरियादी दौड़ रहे है लेकिन उनकी समस्या जस की तस है। सिर्फ कागजों में ही उनकी समस्या का समाधान करने का कागजी कोरम पूरा किया जा रहा है। इसमें केराकत में तो एक महिला 20 साल से चक्कर लगा रही है।
पीड़ितों को त्वारित न्याय मिल सके, इसके लिए शासन के निर्देश पर समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है। लेकिन इनमें आने वाले पीड़ितों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। तमाम लोग ऐसे हैं जो कई कई सालों से अपनी समस्या लेकर तहसील और समाधान दिवस का चक्कर लगा रहे हैं। तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी की अध्यक्षता में किया गया। जिसमें आवास, राशन कार्ड, जमीन विवाद, रास्ता संबंधी शिकायतें पड़ी, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को 10 दिनों के भीतर इसका निस्तारण गुणवत्तापूर्वक करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर 121 शिकायती प्रार्थना पत्र फरियादियों द्वारा जिलाधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत किए गए, जिसमें 12 मौके पर निस्तारित किया गया। चकबंदी विभाग की शिकायतें अधिक आने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। एसओसी संजय राय को मामलों के गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्षता से निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलास्तरीय अधिकारियों को कहा कि अच्छा काम करें। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री पोर्टल पर आनी वाली शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण करें। सरकारी योजनाओं के लाभ में अपात्रों को हटाकर पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दें। इस मौके पर सीडीओ आलोक सिंह, सीएमओ रामजी पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक शहर अनिल कुमार पांडेय, उप जिलाधिकारी प्रियंका प्रियर्दशिनी, डीएफओ एपी पाठक, नगर मजिस्ट्रेट योगानंद पांडेय, डीडीओ दयाराम, तहसीलदार आशाराम, जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार चौबे, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सुरेश कुमार मौर्य मौजूद रहे।
बदलापुर: एसडीएम रमापति बिंद की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर पड़े 54 शिकायती पत्रों में मौके पर 11 का निस्तारण किया गया। इस मौके पर तहसीलदार अजय पांडेय, खंड विकास अधिकारी रमाशंकर सिंह, अधिशासी अधिकारी डा. महेंद्र मौजूद रहे।
मछलीशहर: उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 101 शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें 8 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। तहसीलदार केके मिश्रा, नायब तहसीलदार संतोष शुक्ला आदि उपस्थित थे।
केराकत: न्यायिक अपर आयुक्त कमलेश कुमार सिंह तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। इसमें 198 में सिर्फ एक मामले में मौके पर निस्तारण हुआ।
शाहगंज: उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा की अध्यक्षता में तहसील सभागार में समाधान दिवस आयोजित हुआ। जिसमें 260 प्रार्थना पत्र पड़े और 19 का निस्तारण हुआ। इस अवसर पर तहसीलदार चंद्रेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, चिकित्साधीक्षक डा. डीएस यादव, एसडीओ विद्युत दीपक जायसवाल आदि मौजूद रहे।
मडियाहूं: तहसील सभागार में समाधान दिवस का आयोजन अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आरपी मिश्र की अध्यक्षता में हुआ। जिसमें कुल 142 प्रार्थना पत्र आए। मौके पर 14 का निस्तारण हुआ। इस मौके पर उप जिलाधिकारी मोती लाल यादव, तहसीलदार मदन मोहन वर्मा, नायब तहसीलदार अजय मौर्या आदि उपस्थित रहे।