डोभी। चंदवक बाजार में दवा दुकानदारों की मनमानी से रविवार को मरीज और उनके परिजन परेशान रहे। अन्य दुकानों के साथ ही दवा की दुकान भी बंद होने से पूरे दिन मरीज दवा के लिए भटकते रहे। विभिन्न संगठनों व राजनीतिक दलों के बंद के आह्वान पर भी दवा की दुकानें बंद नहीं होती। चंदवक बाजार के दुकानदार अपनी मर्जी से विगत कुछ महीनों से प्रत्येक महीने की पहली तारीख को दुकानें बंद रखते है। उनमें दवा की दुकानें भी सम्मिलित हैं। जबकि श्रम विभाग द्वारा साप्ताहिक बंदी नियमानुसार निर्धारित है। यहां दुकानदार इस नियम को नहीं मानते। अपने द्वारा मासिक बंदी पहली तारीख को निर्धारित किए हैं। इसी क्रम में रविवार को अन्य दुकानों के साथ ही दवा की दुकानें भी बंद रही। जिससे मरीजों को दवा के लिए दर-दर भटकना पड़ा। दवा के लिए मढ़ी से आए बैजनाथ राम, जोखन ,शनि सिंह व हिसामपुर से आए मोहनलाल राजभर, कवलपत्ति देवी ने अपनी व्यथा सुनाई और सीएमओ से मांग की कि दवा की दुकानों को बंदी से मुक्त रखा जाए।