जौनपुर। चिकित्सक मानवता की सेवा की शपथ लेता है। इस शपथ को हर हाल में निभाने वाले चिकित्सक चुनिंदा ही हैं। जिले में कई चिकित्सक हैं, जिन्हें अपने पेश में सामाजिक सरोकार की भी चिंता है। किसी ने लोगों से धन लेकर ब्लड बैंक बनाया है तो कोई उल्टे पांव वाले बच्चों का मुफ्त कराता है। जिले में ऐसे भी चिकित्सक हैं जो बेटी पैदा होने पर कोई शुल्क नहीं लेते। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री डा. बीसी राय राजनीति करते हुए अपने चिकित्सकीय कर्म को कभी नहीं भूले। अमर उजाला उनकी जयंती डाक्टर्स डे पर सेवा के जरिए पहचान बनाने वाले जिले के चिकित्सकों को याद कर रहा है।
गरीबों का मुफ्त इलाज
अस्थि रोग विशेषज्ञ डा. विनोद कुमार ने शहर में वर्ष 2000 से मरीजों की सेवा में लगे हैं। संपन्न मरीजों से फीस वसूल करते हैं लेकिन गरीबों का मुप्त इलाज करते हैं। हर महीने इनकी क्लीनिक में 300 रोगियों का मुफ्त इलाज होता है। वह सेवा कार्य अपने आध्यात्मिक गुर अघोर संत प्रियदर्शी रामजी के निर्देश पर करते हैं। इनकी पत्नी डा. अंजू चौधरी उनके काम में सहयोग करती हैं। जलालपुर के छितौना गांव के डा. विनोद कुमार सिकरारा के खानापट्टी और जलालपुर के छितौना में चिकित्सा शिविर लगाकर रोगियों की खोज करते हैं और उनका इलाज करते हैं। जरूरत के मुताबिक मरीजों को कंबल आदि भी देते हैं।
बेटियों की संख्या बढ़ाने में जुटे
डा. लाल बहादुर सिद्धार्थ चार बहनों के अकेले भाई हैं। उनकी मां ने उन्हें बेटियों की अहमियत समझाई और कहा कि उनके लिए कुछ करो। मां की प्रेरणा से उन्होंने बेटियों के लिए काम करना शुरू किया। उनके नर्सिग होम में किसी मां को बेटी पैदा हो जाए तो वे उससे कोई शुल्क नहीं लेते हैं। विगत पांच सालों से यह काम कर रहे हैं। इतना नहीं यदि ग्राम प्रधान गरीबी का प्रमाणपत्र लाने वाले मरीज का शुक्रवार को मुफ्त आपरेशन करते हैं। इस साल जनवरी से जून के बीच उनके यहां 933 मरीजों मुफ्त इलाज किया गया है और एक वर्ष में 300 बेटियां पैदा हुईं।
कोई उल्टे पांव क्यों चले
जन्म से ही कुछ बच्चों के पांव टेढ़े-मेढ़े होते हैं। इस बीमारी को क्लब फुट कहा जाता है। अगर आरंभ में ही इनके पांव में प्लास्टर बांध दिया जाए तो ज्यादातर बच्चों के पांव सीधे हो सकते हैं। डा. सुबाष सिंह क्लब फुट का मुफ्त इलाज करते हैं। हर माह उनके यहां दो-तीन ऐसे बच्चे पहुंचते हैं, जिनका इलाज किया जाता है। कोई भी आर्थो सर्जन ऐसे बच्चों का ऑपरेशन करने की जहमत नहीं उठाता है लेकिन डा. सुबाष ऐसे 100 बच्चों का इलाज कर चुके हैं।
चंदा मांग कर बनवाया ब्लड बैंक
जिले में रक्त की जरूरत को पूरा करने वाली कोई संस्था नहीं है। नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. आरएन सिंह को आंखों की सर्जरी में भले ही रक्त की जरूरत न पड़े लेकिन उन्होंने ब्लड के लिए भागदौड़ करते मरीजों को देखा तो ब्लड बैंक स्थापित करने का खयाल आया। जब आईएमए के अध्यक्ष बने तब उन्होंने चिकित्सकों से चंदा मांग कर 70 लाख रुपये जुटाए। आईएमए भवन में ब्लड बैंक की स्थापना का काम शुरू किया। वह नेत्र रोगियों का मुफ्त आपरेशन भी करते हैं।
दिल का छेद भरने में जुटे
जन्मजात तमाम बच्चों के हृदय में छेद या दूसरी विकृतियां होती हैं। इसका इलाज महंगा है। बाल रोग विशेषज्ञ डा. क्षितिज शर्मा के यहां गरीब परिवार के हृदय रोग से पीड़ित बच्चे आते थे तो वह कुछ खास नहं कर पाते थे। मुंबई के एक अस्पताल के सहयोग से उन्होंने ऐसे बच्चों का मुफ्त आपरेशन करना शुरू किया है। वह शिविर लगाकर ऐसे बच्चों की तलाश करते हैं। उसके बाद प्लानिंग करके उनका आपरेशन करवाते हैं। ऐसा ही एक शिविर सात जुलाई को ताड़तला में लगाया जाएगा। समय-समय पर मुफ्त चिकित्सा शिविर का भी आयोजन करते हैं और एमआरआई तक मुफ्त करते हैं।