जफराबाद। नगर पंचायत जफराबाद की बोर्ड बैठक शुक्रवार को चैयरमैन प्रमोद कुमार बरनवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सफाई का मुद्दा छाया रहा। कई मोहल्लों में सफाई नहीं कराए जाने पर सभासदों ने नाराजगी जताई। बैठक शुरू होते ही सभासद तेवर में दिखे। सभासदों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष ने सफाई निरीक्षक को फटकार लगाई। सभी वार्डो में नियमिति रूप से सफाई कराने का निर्देश दिया।
बैठक शुरू होने के बाद नासही वार्ड 5 के सभासद चंद्रशेखर सरोज ने वार्ड में गंदगी का मुद्दा उठाया तो दूसरे सभासद भी उनके समर्थन में खड़े हो गए। चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि सफाई कर्मियों द्वारा नियमित रूप से कूड़ा का निस्तारण नहीं किया जाता। जिसके कारण जगह-जगह गंदगी का ढेर लगा हुआ है। शिकायत के बाद भी वार्ड में सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं कराया जा रहा है। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष प्रमोद कुमार बरनवाल ने सफाई निरीक्षक को फटकार लगाते हुए कस्बे के प्रत्येक वार्ड में बेहतर साफ सफाई, कूड़ा निस्तारण व फागिंग कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर सभसाद चन्द्र शेखर सरोज, अवध नारायण, अजय मौर्य, सजिया, लिपिक राजमन, वेद प्रकाश, सत्येन्द्र तिवारी, ओमकार उपस्थित रहे।