मछलीशहर (जौनपुर)। विकास खण्ड के सभागार में आयोजित गोष्ठी में महिलाओं और बच्चों के हो रहे शोषण को रोकने के लिए महिला एवं बाल अधिकार मंच के गठन पर चर्चा हुई। खंड विकास अधिकारी मीनाक्षी वर्मा ने कहा कि समाज में शोषित महिलाओं और बच्चों को उनके हक की जानकारी देना और उन्हें समाज में उनका अधिकार दिलाना हम सब का दायित्व है। इसके लिए हर गांव में महिला एवं बाल अधिकार मंच का गठन करके उसे प्रभावी बनाने में सबको मदद करनी चाहिए। महिला समाख्या की सुशीला ने समाज में प्रचलित घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल मजदूरी, जैसी कुरीतियों को मिटाने के लिए सभी से आगे आने की अपील की। बैठक में सीएचसी मछलीशहर के अधीक्षक डा. रफीक फारूकी ने महिलाओं और पुरुषों में व्याप्त भेदभाव को मिटाकर समानता लाने तथा महिलाओं को अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने के लिए जागरूक करने की जरूरत बताई। बैठक में महिला समाख्या की सुनीता गुप्ता, मो. वैश, एडीओ पंचायत कुंवर साहब सिह, रेखा, सुषमा, सुनीता, शीला, रागिनी, रामरती, सोना आदि ने भाग लिया।