बदलापुर/ घनश्यामपुर। बदलापुर विकास खंड की ग्राम पंचायत भूला में अपात्रों को आवास जारी करने के विरोध में ग्रामीणों ने बुधवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान ने मनमाने तरीके से आवास आवंटित किया। इसमें से तमाम आवास बने भी नहीं हैं। बीडीओ ने पंचायत सचिव को बुलाकर धनराशि वसूलने का निर्देश दिया।
संजय मिश्र की अगुवाई में पहुंचे ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। काफी देर तक हंगामा करने के बाद ग्रामीणों ने बीडीओ रमाशंकर सिंह को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि पंचायत सचिव तथा ग्राम प्रधान ने अपात्रों को आवास जारी किए हैं। वर्ष 2011 से अब तक 18 लाभार्थियों ने आवंटित आवास की धनराशि निकालने के बाद आवास का निर्माण ही नहीं कराया है। गांव के सर्वेश कुमार मिश्र की शिकायत पर हुई जांच में पाया गया कि दो अपात्र लाभार्थियों को आवास जारी किया गया था, जिन्होंने धनराशि निजी उपयोग में खर्च की। अन्य 16 लाभार्थियों का आवास धन आहरित कर लिया लेकिन निर्माण नहीं कराया। खंड विकास अधिकारी ने पंचायत सचिव से अपात्रों से धनराशि की वसूली करने और पात्रों से जल्द आवास बनवाने का निर्देश दिया। इस दौरान अमरनाथ मिश्र , सर्वेश मिश्र , रामप्यारे मिश्र, हृदयशंकर मिश्र , श्रीप्रकाश तिवारी , जयनरायण मिश्र , अनिल कुमार मिश्र, बबलू हरिजन , प्रेमप्रकाश हरिजन, राजेश मिश्र , रविशंकर मिश्र , सूर्यमणि मिश्र , भोलानाथ मिश्र आदि शामिल थे।