जौनपुर। जिले की कानून व्यवस्था चौपट होने और अपराधियों पर कार्रवाई न कर पाने की वजह से एसपी केके चौधरी हटा दिए गए। उन्हें आरटीसी चुनार भेजा गया। उनकी जगह कानपुर पीएसी में तैनात दिनेश पाल सिंह को जिले का नया एसपी बनाया गया है।
तीन जून को भदोही आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सांसद रामचरित्र निषाद, विधायक डा. हरेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय, महामंत्री पुष्पराज सिंह, महामंत्री संदीप तिवारी ने जिले की चौपट कानून व्यवस्था के बारे में शिकायत की थी। मुख्यमंत्री ने लिखकर मांगा तो सांसद मछलीशहर रामचरित्र निषाद ने दमदारी से अपनी बात कही और कहा कि जिला एसपी नहीं उनकी पत्नी चला रही हैं। थाने बिक रहे हैं। हर रोज लूट और हत्याएं हो रही हैं। हाल ही में 20 जून को प्रभारी मंत्री प्रो. रीता बहुगुणा जोशी की समीक्षा बैठक में भी सांसद रामचरित्र निषाद, विधायक डा. हरेंद्र सिंह और सुशील उपाध्याय सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने बिंदुवार स्थितियों से अवगत कराया और कहा कि जिले के पुलिस विभाग के मुखिया बिचौलियों से घिर गए हैं। कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं हो रही है और थानेदार मनमानी कर रहे हैं। प्रभारी मंत्री ने इससे मुख्यमंत्री को अवगत कराने का आश्वासन दिया था।