जौनपुर। उप कृषि निदेशक जय प्रकाश ने शनिवार को द मिलीयन फार्मर्स स्कूल के आयोजन में लापरवाही बरतने और अनुपस्थित रहने वाले दो सहायक तकनीकी प्रबंधक व एक ब्लाक तकनीकी प्रबंधक की सेवा समाप्त कर दिया है। जबकि एक प्राविधिक सहायक को निलंबित करने व एक प्राविधिक सहायक की वेतन वृद्घि रोकने की कार्रवाई की है। एक प्राविधिक सहायक को चेतावनी पत्र जारी किया गया है।
जिले के 218 गांवों के प्राथमिक विद्यालय परिसर में चल रहे तीन दिवसीय द मिलियन फार्मर्स स्कूल के आयोजन का पहला चरण शनिवार को समाप्त हो गया। इसके तहत किसानों को खेती किसानी करने के आधुनिक तरीकों व योजनाओं आदि की जानकारी दी जा रही है। अंतिम दिन उप कृषि निदेशक जयप्रकाश द्वारा सिकरारा ब्लाक में तीन गावों के प्राथमिक विद्यालयों में चल रहे द मिलियन फार्मर्स स्कूल की जांच की। इस दौरान वे सबसे पहले पचोखर गांव के प्राथमिक विद्यालय पहुंचे, जहां द मिलीयन फार्मर्स स्कूल का आयोजन नहीं होना पाया गया। साथ ही एटीएम अजय बहादुर यादव अनुपस्थित पाए गए। इसके बाद वे जाम गांव के प्राथमिक विद्यालय पहुंचे, जहां स्कूल का आयोजन नहीं होना पाया गया। साथ ही एटीएम मुनीम सोनकर अनुपस्थित पाए गए। इसके बाद बांकी गांव के प्राथमिक विद्यालय पहुंचे, जहां आयोजन में बीटीएम राकेश मौर्य अनुपस्थित पाए गए। जिसे गंभीरता से लेते हुए उप कृषि निदेशक ने इन सभी की सेवा समाप्त कर दी है। शेरवां गांव के प्राथमिक विद्यालय पर आयोजित द मिलियन फार्मर्स स्कूल में प्राविधिक सहायक ग्रुप सी धर्मेंद्र दूबे के अनुपस्थित रहने पर उनको निलंबित किया गया है। इसके अलावा भूमि सुधार अधिकारी डा. ओमकार सिंह ने सिरकोनी ब्लाक के गोपीपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय पर आयोजित द मिलियन फार्मर्स स्कूल की जांच की। इस दौरान मात्र छह किसान मौजूद पाए गए। जिस पर प्राविधिक सहायक मनोज पर वेतन वृद्घि रोकने की कार्रवाई की गई है। वहीं कृषि रक्षा अधिकारी राजेश कुमार राय ने धर्मापुर ब्लाक के बमइला गांव के प्राथमिक विद्यालय पर आयोजित द मिलियन फार्मर्स स्कूल की जांच की। इस दौरान किसानों की संख्या कम पाई गई। जिस पर प्राविधिक सहायक मेराज खान के विरुद्घ चेतावनी पत्र जारी किया गया है।