केराकत। सेनापुर गांव में बिना कनेक्शन दिए ही विभाग ने बिजली का बिल भेज दिया। एक-दो नहीं बल्कि 20 से ज्यादा लोगों को ऐसे बिल भेजे गए हैं। विनोद कुमार के नेतृत्व में पीड़ितों ने जिलाधिकारी को पत्रक देकर मामले की जांच की मांग की है।
बिजली विभाग ने राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना में सभी आवेदकों का कनेक्शन स्वीकृत कर दिया। मगर आज तक कनेक्शन नहीं जोड़ा गया। लोग कनेक्शन जोड़ने का इंतजार कर रहे हैं। यह भी आरोप है कि लोगों के घरों में बिना कनेक्शन जोड़े मीटर तक लगा दिया गया है। लोग एक साल से कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं। अब विभाग ने उनके यहां बिल भेज दिया है। इस बाबत अवर अभियंता का कहना है कि कनेक्शन एलएनटी कंपनी को जोड़ना था। उसकी गड़बड़ी के चलते ही बिल बनने लगे हैं। उसे रद्द कर दिया जाएगा। कनेक्शन जोड़ने के बाद ही बिल बनेगा। जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देने वालों में सुशीला देवी, शीला देवी राजेन्द्र प्रसाद, महेंद्र ,छेदी, लल्लन ,सूबेदार मनोज समेत 13 लोग शामिल रहे।