जौनपुर। ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर प्रमोशन करने आदि मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को पूरा करने की आवाज बुलंद की। साथ ही मुख्यमंत्री व पंचायती राज मंत्री को संबोधित 10 सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंपा।
जिलाध्यक्ष अमरबहादुर यादव ने कहा कि 1900ग्रेड पे करने, संफाई कर्मचारियों का नाम बदलकर पंचायत सेवक करने, ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर प्रमोशन करने, पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने, पे-रोल व्यवस्था को समाप्त करने आदि की मांग काफी लंबे समय से की जा रही है जिसे प्रदेश सरकार द्वारा पूरा नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार हमारी मांगों को पूरा नहीं करेगी तो हम लोग आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। प्रदेश अध्यक्ष क्रांति सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार कर्मचारी विरोधी हो गई है। कहा कि अगर सरकार समय से हमारी मांगों पर विचार कर कोई निर्णय नहीं लेती है तो हम लोग दो जुलाई को लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रतिभाग कर उन्हें अपनी मांगों से अवगत कराएंगे। धरने को संघ के प्रदेश संयुक्त मंत्री दिनेश यादव, संरक्षक डा. प्रदीप कुमार सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष केसरी प्रसाद, अजयलाल मौर्य, तेजबहादुर, रामलाल पाल, चंद्रप्रकाश सिंह आदि ने संबोधित किया। धरने में मुख्य रुप से अजय सिंह, रामऔतार, रामप्रवेश सिंह, हौसला प्रसाद सिंह, जावेद अहमद, रामकृष्ण यादव, अजय राजभर, सरताज सिंह आदि उपस्थित रहे।